Posted On:- 2022-06-30



  \धमतरी(वीएनएस)।कृषि विज्ञान केन्द्र धमतरी द्वारा किसानों को प्रमुख कृषि कार्य के लिए समसामयिक सलाह दी गई है। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक ने बताया कि धान की नर्सरी लगे हुए खेतों पर पानी निकासी की व्यवस्था की जाए तथा तैयार हो चुके धान की नर्सरी की रोपाई हेतु खेत में पानी भरकर रखा जाए, ताकि मताई के कार्य में सुविधा हो। इसके अलावा मौसम खराब होने की अवस्था में किसी भी तरह की रासायनिक दवा का छिड़काव नहीं करने की समझाईश भी किसानों को दी गई। बताया गया कि धान की रोपाई हमेशा कतारों में की जाए, इससे पौध संख्या पर्याप्त रहती है और कृषि क्रियाओं को करने में सहायता मिलती है। बुआई के पूर्व बीज को फफूंदनाशक दवा से उपचारित करने के बाद जैव उर्वरक जैसे पी.एस.बी., राइजोबियम, एजेटोबेक्टर से उपचारित करने की समझाईश भी दी गई। इसके अलावा केले के पौधे की रोपाई, नए फल पौधों को लगाने का कार्य शुरू करने कहा गया। साथ ही पशुओं को बारिश का गंदा पानी नहीं पीने देने, नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान देने और पशुओं को गीले एवं पानी भरे स्थापनों पर नहीं चराने की सलाह पशुपालकों को दी गई।