गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (वीएनएस)। शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंड्रा के सभा भवन में आज राजीव युवा मितान क्लब के समस्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष एवं सचिवों के लिए कार्यशाला आयोजित किया गया ।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने कहा क़ि राजीव युवा मितान क्लब के जितने भी पदाधिकारी हैं, उन्हें अपने गांव के युवाओं को शिक्षित-प्रशिक्षित करना है। साथ ही आपको यह जिम्मेदारी भी निभाना है कि अगर आपके गांव में किसी भी प्रकार की कोई समस्या है चाहे वह युवा से संबंधित हो, चाहे महिलाओं से संबंधित हो, किसानों को खाद बीज की समस्या से संबंधित हो, किसी भी प्रकार की समस्या में उन्हें शासन की समस्त योजनाओं की जानकारी देकर उनकी सहायता करना है। इस तरह से आप अपने गांव के विकास में भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से राजीव युवा मितान क्लब के माध्यम से युवाओं को राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए संगठित किया जा रहा है। साथ ही युवाओं में नेतृत्व विकास, स्वावलंबन, शिक्षा और सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, वनमंडलाधिकारी दिनेश पटेल, परियोजना निदेशक डीआरडीए आर के खूंटे सहित राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य, राज्य युवा आयोग के सदस्य, जनपद पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यगण तथा नवगठित राजीव युवा मितान क्लब के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष एवं सदस्य सचिव उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन जनपद पंचायत पेंड्रा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती इंदिरा मिश्रा की देखरेख में किया गया।