जशपुर तहसील में रेत भंडारण के 3 प्रकरण दर्ज कर की जा रही कार्यवाही

Posted On:- 2022-06-30



जशपुरनगर (वीएनएस)। खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के तहसील जशपुर में झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्र ग्राम पुत्रीचौरा में रेत भंडारण के 03 प्रकरण विभिन्न व्यक्तियों के नाम पर दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है, इसके अतिरिक्त उक्त मार्ग में निर्माणाधीन मकान के सामने स्वयं के उपयोग के लिए अल्प मात्रा में रेत रखा होना पाया गया है। क्षेत्र में रेत की आपूर्ति बनाये रखने केलिए रेत के 02 भंडारण स्वीकृत किये गये है। वर्षा काल के पूर्व जिले में कुल 04 रेत खदान स्वीकृत होकर संचालित थी, जिससे जिले के भीतर रेत की आपूर्ति की जाती रही है। इसके अतिरिक्त सीमावर्ती जिलों में स्वीकृत रेत खदानों से भी रेत की आपूर्ति होती है। जिले में स्वीकृत 04 खदानों के अतिरिक्त अन्य 10 स्थानों पर रेत खदान स्वीकृति के लिए जगह का चिन्हांकन कर लिया गया है, जिसमें संबंधित ग्राम सभा से प्रस्ताव प्राप्त कर लिया गया है, चिन्हांकित स्थलों पर रेत खदान स्वीकृति उपरांत जिले में रेत आपूर्ति अत्यन्त सुलभ हो जावेगी, जिससे यदा-कदा होने वाले रेत अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर भी प्रभावी नियंत्रण हो पाएगा।