नवपदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार ने किया पदभार ग्रहण

Posted On:- 2022-06-30



  अम्बिकापुर (वीएनएस)। नवपदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार ने गुरुवार 30 जून 2022 को सुबह में कलेक्टर सरगुजा का पद पदभार ग्रहण किया। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार लंगेह से कलेक्टर सरगुजा का विधिवत प्रभार लिया। 2014 बैच आईएएस अधिकारी कुंदन कुमार इससे पूर्व बलरामपुर रामानुजगंज जिले में कलेक्टर के पद पर पदस्थ थे। उन्होंने दुर्ग एवं कोरबा जिले में जिला पंचायत के मुख्य कायर्पालन अधिकारी का दायित्व भी संभाला है। नव पदस्थ कलेक्टर ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात कलेक्टोरेट सभाकक्ष में परिचयात्मक बैठक में जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों की परिचय प्राप्त की। उन्होंने बैठक में जिले में कार्य की प्राथमिकता स्पष्ट करते हुए कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा प्रमुख रहेंगे। पेंशन, शिकायत, भू-अभिलेख, राहत शाखा में लंबित प्रकरण बिल्कुल न हो। उन्होंने कार्यालय की साफ-सफाई पर जोर देते हुए कहा कि जिस स्थान में हमारा अधिकांश समय महत्वपूर्ण कार्य करते हुए बीतता है उसे साफ रखना ही होगा। उन्होंने सभी कार्यालयों के अगले 3 दिन में साफ रखने कहा। कार्यालयों का निरीक्षण : कलेक्टर कुंदन कुमार ने बैठक के पश्चात जिला कार्यालय के विभिन्न शाखाओं, एसडीएम, तहसीलदार कार्यालय व नवीन संयुक्त भवन में संचालित कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेख शाखा के पुराने अभिलेखों को व्यवस्थित रखने, प्रतिलिपि शाखा के कार्य मे पारदशिर्ता लाने के निर्देश दिए। उन्होंने उप पंजीयक कार्यालय के निरीक्षण के दौरान पंजीयन प्रपत्र व दस्तावेजों का अवलोकन किया और पंजीयन कराने आये लोगों से बात की। उप पंजीयक को नियमानुसार पंजीयन करने के निर्देश दिए। तहसील परिसर में आगंतुकों के लिए शीतल पेयजल के लिए दो वाटर कूलर की व्यवस्था तथा शौचालय को साफ रखने के भी निर्देश दिए। सहायक अभियंता को नोटिस : संयुक्त भवन के कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान पीएमजीएसवाय कार्यालय में सहायक अभियंता डी.पी. डहरिया कार्यालयीन कार्य छोड़कर मोबाइल चलाते पाया गया, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल कारण बताओ सूचना जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर द्वय ए.एल. ध्रुव, तनुजा सलाम, एसडीएम प्रदीप साहू, तहसीलदार भूषण मंडावी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।