नवपदस्थ कलेक्टर की संवेदनशीलता, प्रवेश के लिए भटक रही छात्रा को तत्काल मिली राहत

Posted On:- 2022-06-30



अम्बिकापुर (वीएनएस)। नवपदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार की कार्य के प्रति संवेदनशीलता तब झलकी जब पदभार ग्रहण करने के कुछ समय बाद ही एक छात्रा स्कूल में प्रवेश को लेकर गुहार लगाने पहुंची। उन्होंने जिला समन्वयक व सहायक परियोजना अधिकारी को बुलाकर तत्काल छात्रा के ट्रांसफर सर्टिफिकेट में जिला शिक्षा अधिकारी के काउंटर साइन कराने के निर्देश दिए। इस पर जिला समन्वयक डॉ संजय सिंह व परियोजना अधिकारी रविशंकर तिवारी की ओर से 15 मिनट में जिला शिक्षा अधिकारी से टीसी में काउंटर साइन कराकर छात्रा को सौंपे। अब छात्रा का प्रवेश वांछित स्कूल में हो सकेगा। तत्काल कार्यवाही होने से छात्रा की परेशानी दूर हुई और उसे बड़ी राहत मिली। लुंड्रा जनपद के ग्राम सहनपुर निवासी दीपिका खाखा ने बताया कि वह इस वर्ष कक्षा 10वीं की परीक्षा विकासखंड लुण्ड्रा के हाईस्कूल गगोली से ऊत्तीर्ण की है। कक्षा 11वीं की पढ़ाई के लिए सूरजपुर जिले के शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय लटोरी में प्रवेश फॉर्म जमा की। स्कूल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि एक जिले से दूसरे जिले में स्थानानतारण होने से जिला अधिकारी का ट्रांसफर सर्टिफिकेट में काउंटर साईन जरूरी होता है। दीपिका ने बताया कि किस जिला अधिकारी से काउंटर साइन कराना है, यह स्पष्ट नहीं होने से वह असमंजस में थी। जिला अधिकारी कलेक्टर होते है सोचकर कलेक्टर के पास निवेदन करने आई थी। उन्होंने बताया कि कलेक्टर को जैसे ही समस्या बताई उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बुलाकर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।