जिले में मनाया गया गौठान दिवस, नोडल अधिकारियों ने किया गौठान का निरीक्षण

Posted On:- 2022-06-30



  बेमेतरा (वीएनएस)। गौठानों को स्वावलंबी बनाने व आजीविका गतिविधियों को और अधिक तेजी प्रदान करने के लिए आज गुरूवार को जिले में गौठान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें जिला स्तर से लेकर विकासखंड स्तर के नोडल अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई थी। इस कार्यक्रम के अंतर्गत अधिकारियों की ओर से विभिन्न गौठानों में पहॅुंचकर वहां उपलब्ध संसाधनों की स्थिति और स्व-सहायता समूह की महिला की आय मूलक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई। नोडल अधिकारियों ने गौठान में उपलब्ध संसाधनों के साथ-साथ पशुधन के लिए चारे और पानी की व्यवस्था, गोबर खरीदी व बिक्री, शेड निर्माण, फेन्सिंग आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं की बैठक लेकर गोबर खरीदी व बिक्री, स्व-सहायता समूह की महिलाओं को होने वाले लाभ के साथ-साथ सब्जी उत्पादन, चारागाह विकास आदि कार्यों के बारे में जानकारी ली। बेमेतरा जिले में महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए उन्हें स्व-सहायता समूह मे जोंड़कर स्व-रोजगार और आय के साधन उपलब्ध कराये जा रहे है। जिसके फलस्वरूप अब महिलाओं की भागीदारी प्रत्येक क्षेत्र में बढ़ रही है। उन्होंने महिलाओं को अधिक से अधिक आय मूलक गतिविधियों में जुड़कर अधिक मजबूत और स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।