शाला के बाहर प्रांगण में कक्षाएं संचालित नहीं

Posted On:- 2022-07-01



गरियाबंद (वीएनएस)। जिले के फिंगेश्वर विकासखण्ड के अंतर्गत शासकीय नवीन प्राथमिक शाला कोपरा के शाला भवन अति जर्जर व छत का प्लास्टर टूट-टूट कर गिर रहा है, इस कारण उक्त विद्यालय का शाला संचालन केलिए समीप के शासकीय नवीन पूर्व माध्यमिक शाला कोपरा के शाला भवन में दो पालियों में शाला संचालन केलिए व्यवस्थित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जिला प्रशासन को सौपी गई प्रतिवेदन में उक्त बातें कही गई है। ज्ञात हो कि विगत दिवस समाचार पत्र में शाला प्रांगण के बाहर कक्षा संचालित होनी खबर को जिला प्रशासन की ओर से गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी से स्कूल प्रबंध के बारे में जानकारी चाही गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया है कि जर्जर शाला भवन के मरम्मत केलिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी फिंगेश्वर से प्राक्कलन तैयार कर मंगाया गया है, जिसके तहत सत्र 2022-23 अति आवश्यक कार्य के लिए प्राप्त बजट से शाला भवन मरम्मत कार्य शीघ्र करा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त शाला में कोई भी कक्षाएं शाला के बाहर प्रांगण में संचालित नहीं हो रही है।