लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करें : निर्मल कोसरे

Posted On:- 2022-07-01



शाला प्रवेशोत्सव में महापौर ने दिया छात्र-छात्राओं को सबक

भिलाई-3 (वीएनएस)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिलाई-3 में प्रवेशोत्सव मनाया गया। मुख्य अतिथि महापौर निर्मल कोसरे ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई में मेहनत करने का सबक दिया। इससे पहले महापौर ने छात्र छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत कर मिठाई से मुंह मीठा कराया।

प्रवेशोत्सव में भिलाई-3 के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचने पर महापौर निर्मल कोसरे सहित अन्य अतिथियों का शाला परिवार ने स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी माता सरस्वती की पूजा अर्चना के साथ किया गया। महापौर के हाथों छात्र छात्राओं को पाठ्य पुस्तक का वितरण किया गया। महापौर कोसरे ने अपने संबोधन में छात्र छात्राओं से एक लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में अनुशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसलिए सभी छात्र-छात्राएं अनुशासित रहें तो योग्यता और सफलता खुद चलकर पास आएगी। अपने छात्र जीवन की यादों को ताजा करते हुए महापौर ने किसी भी तरह की जरूरत और समस्या होने पर उनसे संपर्क करने की बात कही।

इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य एलएस ठाकुर, पूर्व प्राचार्य टीपी सिन्हा, एमआईसी सदस्य मोहन साहू, एस वेंकट रमना, संतोषी निषाद, देव कुमारी भलावी, मनोज डहरिया, ईश्वर साहू, पार्षद हेमंत गुलमोहर वर्मा, भूपेंद्र वर्मा, जिला कांग्रेस सचिव बीएन राजू, मीडिया प्रभारी युवराज कश्यप, लोकेश सिन्हा, शाला के शिक्षक शिक्षिकाएं देशबंधु शर्मा, गोविंद ठाकुर, जितेंद्र मढ़रिया, तनुजा दीवान, दीप्ति पटनायक, बबीता किशोर, सरोज बाला मढ़रिया, सोनाली प्रधान, आरआर मतावरे आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता सुनील कश्यप ने किया।