एम्सटर्डम/नई दिल्ली (वीएनएस)। पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने वाली भाजपा की निलंबित नेता नुपुर शर्मा को सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि नुपुर को पूरे देश के सामने माफी मांगनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने भले ही नुपुर को कड़ी फटकार लगाई है, लेकिन भाजपा की पूर्व नेता को विदेशी सांसद का समर्थन मिला है। विदेशी सांसद नुपुर शर्मा के बयान के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने नुपुर से माफी ना मांगने की अपील की है।
नीदरलैंड के सांसद और पार्टी फॉर फ्रीडम के अध्यक्ष गीर्ट वाइल्डर्स ने नुपुर शर्मा को हीरो करार दिया है। वाइल्डर्स ने कहा कि नुपुर को पैगंबर मुहम्मद के बारे में सच बोलने के लिए कभी माफी नहीं मांगनी चाहिए। उन्होंने एक ट्वीट कर नुपुर के बयान का पुरजोर समर्थन किया।
वाइल्डर्स ने ट्वीट कर लिखा, 'मुझे लगा कि भारत में शरिया अदालतें नहीं हैं। नुपुर ने पैगंबर मुहम्मद के बारे में सच बोला है। उन्हें कभी माफी नहीं मांगनी चाहिए। वो उदयपुर में हुई घटना की जिम्मेदार भी नहीं हैं। इस घटना के लिए कट्टरपंथी असहिष्णु जिहादी मुसलमान जिम्मेदार हैं। नुपुर शर्मा एक हीरो हैं।'
I thought India had no sharia courts.
— Geert Wilders (@geertwilderspvv) July 1, 2022
She should never apologize for speaking the truth about #Muhammad. She is not responsible for Udaipur. Radical intolerant jihadi Muslims are responsible and nobody else.
NupurSharma is a hero. #NupurSharma #IsupportNupurSharma
बता दें कि इससे पहले भी डच सांसद नुपुर का समर्थन कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि तुष्टीकरण कभी काम नहीं करता है। ये स्थितियों को सिर्फ खराब ही करता है। भारत के मेरे प्यारे दोस्तों... इस्लामिक देशों के उकसावे में न आएं। अपनी आजादी के लिए खड़े हों और गर्व करें। नुपुर ने सच ही कहा है।
सुप्रीम कोर्ट की तल्ख टिप्पणी सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि नुपुर की विवादित टिप्पणी ने पूरे देश को आग में झोंक दिया है। सिर्फ नुपुर ही इसके लिए जिम्मेदार हैं। दरअसल, कोर्ट नुपुर के खिलाफ दर्ज एफआइआर को एकसाथ करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई कर रहा था। कोर्ट ने कहा कि नुपुर ने गैरजिम्मेदाराना बयान दिए। उन्होंने इसके नतीजे के बारे में नहीं सोचा। अदालत ने कहा कि नुपुर को टीवी पर जाकर पूरे देश के सामने माफी मांगनी चाहिए।