
खरसिया (वीएनएस)। राजस्थान के उदयपुर में हुई दर्जी कन्हैयालाल की तालिबानी तरीके से हत्या के विरोध में विश्व हिन्दू परिषद तथा भाजपा के द्वारा शनिवार को खरसिया बंद का आह्वान किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा।
खरसिया के प्रमुख स्टेशन रोड, कुशाभाऊ ठाकरे कांप्लेक्स, सब्जी मंडी, पोस्ट ऑफिस रोड, रायगढ़ चौक, डभरा रोड, महुआपाली रोड, पुरानी बस्ती आदि सभी जगहों में आज व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद कर स्थानीय लोगों ने कन्हैया लाल की निर्मम हत्या के विरोध में अपना समर्थन दिया है।
बताना लाजमी होगा कि उदयपुर में रहने वाले दर्जी कन्हैयालाल की गौस मोहम्मद व रियाज द्वारा तालिबानी तरीके से गला काट कर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद अपना वीडियो बनाकर हिन्दू समाज व प्रधानमंत्री मोदी को भी धमकी दी गई थी। जिसके विरोध में विश्व हिंदू परिषद तथा भाजपा ने छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया था। व्यापारिक संगठनों ने भी बंद का समर्थन किया। ऐसे में खरसिया पूरी तरह से बंद रहा। वहीं भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सतीश अग्रवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष कमल गर्ग, अवधनारायण सोनी बंटी, आनंद अग्रवाल ने खरसिया वासियों को एकजुटता दिखाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है।