खरसिया (वीएनएस)। चंदन तालाब पर स्थित सांवड़वाली दादी रानी सती के मंदिर का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इसके लिए शनिवार को हरियाणा के मूल मंदिर सांवड़ से माता की प्रतिमूर्ति ईंट लाई गई।
बताना लाजिमी होगा कि खरसिया में सांवड़ वाले लगभग 50 परिवार रहते हैं। जिनकी इष्ट देवी माता रानी सती हैं, जो मूल रूप से सांवड़ में विराजमान हैं। वहीं चंदन तालाब पर माता रानी का विशाल मंदिर भी स्थापित है। अपनी कुलदेवी के मंदिर का जीर्णोद्धार कराने हेतु सभी परिवारों ने प्रण लिया और शनिवार को सांवड़ से ईंट लाई गई। स्टेशन चौक पर सभी सांवड़ वाले परिवारों ने मिलकर माता रानी के प्रतिमूर्ति ईंट का अभिनंदन किया। वहीं गाजे बाजे के साथ नगर भ्रमण करते हुए चंदन तालाब स्थित मंदिर पर पहुंचे। इस दौरान भक्तों ने माता रानी की ध्वजा उठा रखी थी और सभी भक्तिभाव पूर्वक माता रानी के जयकारे लगा रहे थे।