कलस्टर स्तरीय गौठान प्रबंधन व संचालन विषय पर हुआ ट्रेनिंग

Posted On:- 2022-07-02



महिला समूहों के सदस्यों को गोधन से वर्मी कम्पोस्ट निर्माण व विक्री से लाभांश की दी गई जानकारी

सूरजपुर (वीएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप व कलेक्टर इफरात आरा व जिला पंचायत सीईओ लीना कोसम व उपसंचालक कृषि दिनेश चंद्र कोसले के निर्देशानुसार समस्त जिले में कलस्टर स्तरीय गौठान प्रबंधन व संचालन विषय पर ट्रेनिंग सभी महिला समूहों के सदस्यों को दिया जा रहा हैं। इसी क्रम में आज जरही नगर पंचायत गौठान में जरही, दुर्ती, सत्तीपारा, बंशीपुर एवं कोरंधा गौठान में कार्यरत महिला समूहों के सदस्यों को एनजीजीबी विषय पर विस्तारपूर्वक ट्रेनिंग दिया गया, साथ ही महिला समूहों के सदस्यों से गोधन से वर्मी कम्पोस्ट निर्माण व विक्री से लाभांश राशि पर चर्चा किया गया, जिसमें तुलसी महिला स्वयं सहायता समूह जरही नगर पंचायत गौठान की सदस्य आशा मिंज ने बताया की उन्होंने अब तक 150 क्विंटल से ज्यादा खाद बेचकर 40000 से ज्यादा की राशि अर्जित की है। इसी तरह उन्होंने अन्य कार्य जैसे मशरूम उत्पादन, मुर्गी पालन व मल्टीएक्टिविटी कार्य में संलग्न होने की इच्छा जताई, जिस पर जिला कार्यालय से कार्यवाही करने की बात कही गई। जिला उपसंचालक कृषि कार्यालय से आये एन.के. आईच की ओर से महिला समूह निर्माण के उद्देश्य व उनके कार्याे के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया तथा निरंतर अच्छा कार्य कर अतिरिक्त आमदनी करने केलिए प्रेरित किया गया। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी प्रतापपुर शिव शंकर यादव की ओर से वर्मी कम्पोस्ट के लाभांश राशि के वर्गीकरण के बारे में चर्चा कर अधिक से अधिक वर्मी कम्पोस्ट निर्माण कर लाभांश अर्जित करने की बात कही गई। आज के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि निशा दासन पार्षद व प्रतिनिधि अध्यक्ष जरही रही उन्होंने भी शासन की इस योजना से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक सिंह ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी की ओर से किया गया कार्यक्रम में संगता संस्था से कलवंत व छाया, तुलसी समूह की अध्यक्ष तुलसी सिंह, शांति मिंज व अविनाश वर्मा, देवेंद्र पटेल, अरविन्द विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहें तथा सभी को भोजन कराने के बाद कार्यक्रम का समापन किया गया।