जगदलपुर (वीएनएस)। बस्तर जिले के निवतर्मान कलेक्टर बंसल के व्यक्तित्व की अधिकारियों ने जमकर सराहना की। शुक्रवार शाम को आयोजित विदाई समारोह में पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने कहा कि बंसल ने बस्तर जिले को एक नई पहचान देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि बस्तर पुलिस पिछले बारह वर्षों से आमचो बस्तर आमचो पुलिस के नारे के साथ कार्य कर रही है, किन्तु आमचो बस्तर शब्द को पिछले दो वर्षों में जो लोकप्रियता हासिल हुई है, वह आश्चर्यजनक है।
मुख्य वन संरक्षक मोहम्मद शाहिद ने कहा कि कोरोना की चुनौतियों के बीच बस्तर में कई विकास के कार्य किए गए। यहां की जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए स्थापित बादल एकेडमी की चर्चा चहुंओर है। बस्तर में पर्यटन को बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया गया। इस दौरान बस्तर के कॉफी की महक दिल्ली तक पहुंची। उन्होंने कहा कि बस्तर में अपने कार्य से बंसल ने जो छाप छोड़ी है, वैसी ही सफलता वे आगे भी प्राप्त करें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मीणा ने कहा कि बंसल प्रत्येक कार्य को उत्कृष्टता के साथ करते हैं तथा उनमें अच्छी नेतृत्व क्षमता दिखती है। वन मंडलाधिकारी डीपी साहू ने कहा कि मात्र चार माह साथ कार्य करने के बाद बंसल की यहां से रवानगी से वे व्यक्तिगत रुप से दुखी हैं। उन्होंने कहा कि बंसल एक अच्छे प्रशासक के साथ ही एक अच्छे व्यक्ति भी हैं तथा उनका यह व्यक्तित्व सदैव बना रहे।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित व्यास ने कहा कि बंसल में लोगों को साथ लेकर चलने की कला आती है, जिससे वे सभी को अपना मित्र बना लेते हैं। वे अधिकारियों को उनकी योग्यता के अनुसार कार्य प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस सरलता से लोग बंसल से जुड़ जाते हैं, वह अद्भुत है। उन्होंने बंसल के साथ किए गए कार्य को स्वयं के लिए सौभाग्यशाली क्षण बताया। निवतर्मान कलेक्टर बंसल ने कहा कि उन्हें अपने कायर्काल में पूरे बस्तर में बहुत प्रेम मिला, जिसके लिए वे यहां के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि बस्तरवासियों के इसी प्रेमपूर्ण व्यवहार ने बस्तरवासियों के हित के लिए कार्य करने की प्रेरणा को और अधिक बढ़ाया, जिससे यह उपलब्धियां प्राप्त हो पाईं। उन्होंने इस अवसर पर स्वरचित होगा नया सवेरा गीत भी सुनाया।