खरबों डॉलर का योगदान देकर अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे फिल्म उद्योग : नकवी

Posted On:- 2022-07-03



मुंबई (वीएनएस)। केन्‍द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री, मुख्तार अब्बास नकवी ने नोवोटेल मुंबई, जुहू बीच में पांचवें ग्लोबल फिल्म टूरिज्म कॉन्क्लेव (जीएफटीसी) का उद्घाटन किया। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के साथ मिलकर अनलीशिंग द पावर ऑफ सिनेमेटिक पावर विषय पर पांचवें जीएफटीसी का आयोजन किया। श्री नकवी ने कहा, भारतीय फिल्मों और विदेशी फिल्मों ने आतंकवाद, हिंसा, कट्टरपंथ के खिलाफ सार्थक संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज ऐसी फिल्मों की जरूरत है जो न केवल मनोरंजन कर सकें बल्कि समाज को प्रभावी संदेश भी दे सकें। उन्होंने कहा, फिल्मों का प्रवाह आतंकवाद पर कड़ा प्रहार कर सकता है। श्री नकवी ने फिल्म उद्योगों के महत्व और दुनिया भर की अर्थव्यवस्थाओं में उनके योगदान की भी चर्चा की। कई देशों के फिल्म उद्योग ट्रिलियन डॉलर का योगदान करके अपने देशों की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, हॉलीवुड फिल्मों का बॉक्स ऑफिस संग्रह लगभग 47 लाख करोड़ रुपये, ब्रिटिश फिल्म उद्योग की दुनिया भर में कमाई लगभग 3.31 लाख करोड़ रुपये, चीनी फिल्म उद्योग की कमाई लगभग 2.53 लाख करोड़ रुपये है। उन्‍होंने कहा भारतीय फिल्‍म उद्योग की दुनिया भर में बॉक्‍स ऑफिस आमदनी करीब 48 हजार करोड़ रुपये है।