नई दिल्ली (वीएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने हैदराबाद में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के पहले दिन अर्थव्यवस्था और गरीब कल्याण संकल्प उपायों पर प्रस्ताव पारित किया। केन्द्रीय मंत्री और वरिष्ठ पार्टी नेता धर्मेंद्र प्रधान ने मीडिया को बताया कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने प्रस्ताव पेश किया, जबकि केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इसका समर्थन किया।
श्री प्रधान ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में गरीब कल्याण अन्न योजना पर प्रस्ताव पारित किया गया। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्य एक वैश्विक मॉडल बन गया है। दो दिन की बैठक हैदराबाद के इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में शुरू हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और लगभग 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री सहित तीन सौ 50 सदस्य बैठक में भाग ले रहे हैं। श्री प्रधान ने कहा कि नेताओं ने युवाओं को सशस्त्र सेनाओं के नियमित काडर में चार वर्ष की सेवा का अवसर देने वाली अग्निपथ योजना की सराहना की। अगले 18 महीनों में दस लाख रोजगार उपलब्ध कराने की सरकार की घोषणा की भी सराहना की गई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी को संबोधित करेंगे। वे आज शाम सिकंदराबाद के परेड ग्राउन्ड में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। तेलंगाना के मतदान केन्द्र स्तर के 35 हजार कार्यकर्ता विजय संकल्प रैली में शामिल होंगे। आशा है कि यह रैली स्थानीय संस्कृति और परंपरा की थीम पर आधारित होगी।