रायपुर (वीएनएस)। शिक्षा के जरिए मूक-बधिर बच्चों के भविष्य को उज्जवल बनाने राजधानी के सेक्टर एक, बजाज कालोनी, राजेन्द्र नगर में अर्पण कल्याण समिति ने नि:शुल्क दिव्यांग पब्लिक स्कूल का श्रीगणेश किया है। एक भव्य समारोह में राज्य की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती अनिला भेडिय़ा ने स्कूल का लोकार्पण किया। इस समारोह में जांजगीर-चांपा के साहसी बालक राहुल साहू का सम्मान किया गया। ज्ञात हो कि राहुल पांच दिनों तक 80 फीट गहरे बोरवेल में फंसा हुआ था। उसके धैर्य व बहादुरी के कारण उसे सुरक्षित निकाल लिया गया था। स्कूल प्रबंधन ने राहुल को यहां प्रवेश देने तथा उसकी पूरी पढ़ाई व आवास तथा भोजन की व्यवस्था नि:शुल्क करने की घोषणा की है। इस पर उसके पालकों ने अपनी सहमति प्रदान कर दी है।