जनचौपाल में आए आवेदकों-आगंतुकों को कलेक्टर ने बांटे फलदार पौधे

Posted On:- 2022-07-04



धमतरी (वीएनएस)। वृक्षारोपण को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से वर्षा ऋतु में प्रतिवर्ष उद्यानिकी विभाग द्वारा पौधे वितरित किए जाते हैं। इसी तारतम्य में कलेक्टर पी.एस. एल्मा के निर्देशानुसार उद्यानिकी विभाग द्वारा फलदार पौधे निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने जनचौपाल में प्रत्येक सोमवार को आने वाले आवेदकों एवं आवेदकों को पौधे बांटने के निर्देश सहायक संचालक उद्यान को दिए हैं। कलेक्टर ने जनचौपाल के दौरान आए आवेदकों को कलेक्टोरेट परिसर में अपने हाथों से पौधे वितरित किए। साथ ही जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रियंका महोबिया ने भी आवेदकों को निःशुल्क फलदार पौधे बांटकर इसका शुभारम्भ किया। उद्यान अधिकारी द्वारा बताया गया कि आज से प्रत्येक सोमवार को फलदार पौधे आवेदकों और आगंतुकों को कुल 1200 फलदार पौधे वितरित किए गए। इनमें अमरूद, जामुन, कटहल, पपीता, सीताफल और आंवला के पौधे सम्मिलित हैं।