जांजगीर-चाम्पा (वीएनएस)। जांजगीर-चाम्पा जिले के नए कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण करने के पश्चात तारन प्रकाश सिन्हा ने जिले के इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के पत्रकारों से मुलाकात व चर्चा की। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि आम जनमानस तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रशासन के साथ जिले में मीडिया का बेहतर तालमेल हो और पाठकों तक सकारात्मक कार्य उपलब्ध हो,यह उनकी कोशिश होगी। वे सकारात्मक आलोचनाओं का स्वागत करते हैं और ऐसी आलोचनाओं में सुधार की आवश्यकताओं पर भी ध्यान अवश्य केंद्रित करेंगे।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि शासन की महत्वपूर्ण फ्लैगशिप योजनाओं का जिले में बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ अपने स्तर पर आमनागरिकों की जो भी समस्याएं हैं,उनका भी त्वरित निराकरण करेंगे। जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा,पोषण, किसानों से जुड़ी योजनाओं के अलावा अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। कलेक्टर ने मीडिया के पत्रकारों के लिए राज्य शासन द्वारा संचालित किए जा रहे योजनाओं का लाभ उठाने की भी अपील की। उन्होंने पत्रकारिता के कार्य को बहुत जिम्मेदारी वाला बताते हुए कहा कि पत्रकारिता में यह कोशिश होनी चाहिए कि हम पूर्वाग्रह से ग्रसित न होकर सकारात्मक पत्रकारिता को स्थान दे और किसी महत्वपूर्ण खबर पर दूसरे पक्ष की बातों को भी स्थान दे, ताकि किसी तरह की भ्रम की गुंजाइश न हो। श्री सिन्हा ने बताया कि वे जनसंपर्क आयुक्त भी रहे हैं और मीडिया से उनका नियमित संवाद के साथ एक साथी के रूप में भी संबंध बना हुआ है। उन्होंने जिले में बेहतर कार्य होने की बात कहते हुए कहा कि आगे भी और बेहतर कार्य करने की कोशिश होगी। इस अवसर पर सक्ति एसडीएम आईएएस रेना जमील, डिप्टी कलेक्टर आर पी आँचला भी उपस्थित थे।