कलेक्टर ने एसडीएम, तहसील कार्यालय व् पुलिस थाना का किया औचक निरीक्षण

Posted On:- 2022-07-04



  बालोद (वीएनएस)। कलेक्टर सिंह ने आज गुण्डरदेही में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) व तहसील कार्यालय व पुलिस थाना का औचक निरीक्षण कर कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, जिला पंचायत की मुख्य कायर्पालन अधिकारी डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, एस.डी.एम. प्रेमलता चंदेल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। डॉ. सिंह ने राजस्व प्रकरणों का अवलोकन कर मौके पर उपस्थित अधिकारी, कर्मचारियों से निराकृत एवं लंबित राजस्व प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन आदि के अलावा जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र के लंबित प्रकरणों के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण करने तथा आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र जल्द से जल्द बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रेमलता चंदेल को दिए। इस दौरान कलेक्टर ने तहसील कार्यालय के तहसीलदार व नायब तहसीलदार न्यायालय आदि कक्षों का निरीक्षण कर कार्यों का जायजा लिया। मौके पर उपस्थित रीडर से लंबित प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली तथा प्रकरणों का शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में कोई भी प्रकरण अपंजीकृत नही होनी चाहिए। राजस्व अनुविभागीय अधिकारी चंदेल से वृक्ष कटाई से संबंधित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए समय-सीमा में इन प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि प्रकरणों के निराकरण में प्रक्रियाओं का पूर्णत: पालन होना चाहिए। इस दौरान कलेक्टर डॉ. सिंह ने नायब तहसीलदार कोर्ट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय के समुचित रखरखाव केलिए लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी को तत्काल नायब तहसीलदार कोर्ट का मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने पुलिस थाना के विभिन्न कक्षों का अवलोकन कर कार्यों का मुआयना किया। इस दौरान अधिकारियों ने महिला बंदीगृह कक्ष, बाल मित्र कक्ष, नवनिर्मित मालखाना आदि का निरीक्षण किया। इस मौके पर कलेक्टर ने ग्राम अपराध पुस्तिका का भी अवलोकन किया।