शहर में नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग ने चलाया डेंगू और मलेरिया प्रतिबंधात्मक अभियान

Posted On:- 2022-07-04



  जगदलपुर (वीएनएस)। जगदलपुर शहरी क्षेत्र में पाए गए डेंगू धनात्मक मरीज के रेस्पांस में आज महाराणा प्रताप वार्ड व अन्य डेंगू प्रभावित वार्डों में नगर निगम आयुक्त दिनेश नाग तथा मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके चतुर्वेदी अपने अमले के साथ पहुंचे। इस दौरान शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रभारी पीडी बस्तिया भी मौजूद थे। अमले में शामिल मलेरिया युनिट व शहरी स्वास्थ्य युनिट के सदस्यों की ओर से भ्रमण कर डेंगू के फैलाव के रोकथाम केलिए जानकारी ली गई व पानी ठहराव के स्त्रोतों को खत्म करने के लिए आवश्यक निर्देश व सलाह दिए गए। विशेषत: महाराणा प्रताप वार्ड डोंगरीपारा व खपराभटी में बहुत सारे गैरज एवं टायर रिपेयर के दुकान संचालित है, जिसमें अधिक मात्रा में पानी का ठहराव पाया गया, जिससे मच्छर के लार्वे व मच्छर फैलने का स्त्रोत पाया गया। घरों के आंगन में एवं गैरज और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में ठहरे हुए पानी के स्त्रोतों में टेम्पोस के घोल का छिड़काव किया गया। स्वास्थ्य विभाग व शहरी मितानीनों की ओर से डेंगू प्रभावित वार्डों के घर-घर में सर्दी, खांसी, बुखार से पीड़ित लोगों का सर्वेक्षण किया गया। महाराणा प्रताप वार्ड में 19 लोगों का रेंडम डेंगू जांच किया गया। 02 डेंगू सस्पेक्टेड लोगों का खुन जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डेंगू के रोकथाम के लिए सर्वे के साथ-साथ व्यक्तिगत संपर्क कर लोगों को डेंगू के बारे में जागरूक किया जा रहा है।