डिजिटल इंडिया ने तकनीक को अधिक सुलभ बनाकर लोगों को सशक्‍त बनाया : मोदी

Posted On:- 2022-07-05



नई दिल्ली (वीएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गांधी नगर के महात्‍मा मंदिर में डिजिटल इंडिया वीक 2022 का उद्घाटन किया।  डिजिटल इंडिया वीक का विषय देश को डिजिटल रूप से सशक्त समाज और ज्ञान की अर्थव्यवस्था में बदलने के लिए नए भारत की तकनीक को उत्प्रेरित करना है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी में जन्म लेने वालों के लिए डिजिटल इंडिया ने जीवन को बहुत आसान बना दिया है। श्री मोदी ने डिजिटल इंडिया भाषिणी का भी शुभारंभ किया। यह देशवासियों को स्थानीय भाषाओं में इंटरनेट और डिजिटल सेवाएं आसानी प्रदान करेंगी। उन्होंने एक राष्ट्रीय गहन प्रौद्योगिकी स्टार्टअप प्लेटफॉर्म डिजिटल इंडिया जेनेसिस यानी नए स्टार्टअप्स के लिए अगली पीढी की सहायता का भी शुभारंभ किया। इन योजनाओं के लिए कुल 750 करोड़ रुपये के बजट की परिकल्पना की गई है। प्रधानमंत्री ने माईस्कीम भी समर्पित किया है, जो एक ही स्थान पर सरकारी योजनाएं प्रदान करेगा। डिजिटल इंडिया वीक 2022 कार्यक्रम नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने वाले आधार, यूपीआई, कोविन और डिजिलॉकर जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म को प्रदर्शित करेगा। इस कार्यक्रम में स्टार्टअप, सरकारी प्रतिनिधि और उद्योग और शिक्षा जगत के विशेषज्ञ भाग लेंगे। भारतीय यूनिकॉर्न और स्टार्टअप ने महात्मा मंदिर में 200 से अधिक स्टाल की एक प्रदर्शनी लगाई है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस प्रदर्शनी का दौरा किया और स्टार्टअप्स और यूनिकॉर्न से जुड़े लोगों से बातचीत की।