गांधीनगर (वीएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत चौथी औद्योगिक क्रांति में विश्व का मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि जो देश समय के साथ आधुनिक प्रौद्योगिकी नहीं अपनाते वो पीछे छूट जाते हैं। श्री मोदी ने कहा कि तीसरी औद्योगिक क्रांति के दौरान भारत भी इसका शिकार हुआ है, लेकिन आज भारत गर्व से कह सकता है कि वह चौथी औद्योगिक क्रांति में दुनिया का मार्गदर्शन कर रहा है।
प्रधानमंत्री गुजरात में गांधी नगर के महात्मा मंदिर में डिजिटल इंडिया वीक 2022 का उद्घाटन करने के बाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत ने डिजिटल इंडिया अभियान के जरिए साबित किया है कि मानवता के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कितना क्रांतिकारी है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर खुशी व्यक्त की कि आठ वर्ष पहले शुरू किया यह अभियान बदलते समय के साथ व्यापक हो रहा है।
श्री मोदी ने कहा कि दस साल पहले लोगों को जन्म प्रमाणपत्र लेने, बिलों का भुगतान करने, राशन लेने और प्रवेश के लिए कतार में खडा होना पडता था। लेकिन अब यह सब काम ऑनलाइन हो गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले आठ वर्ष में लाभार्थियों के खाते मे 23 लाख करोड रुपये से अधिक राशि अंतरित की गई है। इस प्रौद्योगिकी के कारण देश के दो लाख 23 हजार करोड रुपये गलत हाथों में पडने से बचे हैं।
श्री मोदी ने कहा कि सरकार ने हजारों करोड रुपये महिलाओं, किसानों और श्रमिकों के खाते में अंतरित किए हैं। उन्होंने कहा कि एक देश एक राशन कार्ड की सहायता से 80 करोड से अधिक देशवासियों को निशुल्क राशन उपलब्ध कराया गया है।