कलेक्टर ने हरी झण्डी दिखाकर मलेरिया जागरूकता रथ को किया रवाना

Posted On:- 2022-07-05



कोण्डागांव (वीएनएस)। कलेक्टर दीपक सोनी ने मंगलवार को मलेरिया के प्रति जागरूकता प्रसार के लिए मलेरिया जागरूकता रथ को जिला कार्यालय से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह रथ स्वास्थ्य समिति (एनवीबीडीसीपी) कोण्डागांव के तत्वधान में फैमिली हैल्थ इंडिया (गोदरेज) द्वारा संचालित एंबेड परियोजना के तहत चलाया जा रहा है। इस मलेरिया रथ द्वारा गांव-गांव में जाकर मलेरिया रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक एवं सतर्क रहने के लिए प्रेरित करने का कार्य किया जायेगा। इस अवसर पर कलेक्टर ने मलेरिया उन्मूलन के लिए चलाये जा रहे मलेरिया उन्मूलन संकल्प हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लेकर उन्मूलन के संकल्प के लिए हस्ताक्षर कर इस अभियान की शुरूवात करते हुए मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के सफलता के लिए चलाये जा रहे कार्यक्रमों की सराहना भी की।

इस संबंध में एंबेड परियोजना के जिला समन्वयक ने बताया कि यह रथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित कोण्डागांव, फरसगांव, केशकाल विकासखण्डों के मलेरिया प्रभावित ऐसे 100 ग्रामों जहां मलेरिया का एपीआई 05 से अधिक है उनमें जाकर लोगों को मलेरिया से बचाव, बुखार आने पर उठाए जाने वाले कदमों, मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा पनपने की रोकथाम, उपचारित मच्छरदानी के प्रयोग, रक्त जांच आदि के संबंध में ऑडियो एवं फ्लैक्स के माध्यम से जागरूक करेगा। इसके साथ ही कोरोना एवं डेंगू से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी भी रथ के द्वारा साझा की जाएगी। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रेमप्रकाश शर्मा, सीएमएचओ डॉ. टीआर कुंवर, डीएफओ उत्तम गुप्ता, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृतलाल, वीबीडी सलाहकार ईमरान खान, एम्बेडेड परियोजना जिला समन्वयक वर्षा मिश्रा, एम्बेडेड परियोजना के एमआईएस एवं बीसीसीएफ सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।