ओरछा में अब नहीं होगी इंटरनेट की समस्या, ओरछा बनेगा फ्री वाई-फाई जोन

Posted On:- 2022-07-05



ओरछा ब्लाक मुख्यालय के 5 किलोमीटर एरिया बनेगा फ्री वाई-फाई जोन

नारायणपुर (वीएनएस)। बिजली जनजीवन का मुख्य आधार है। थोड़ी देर के लिये भी बिजली चली जाएं तो सारी व्यवस्थाएं ठप हो जाती है। अगर यह कहा जाएं कि बिजली के बिना जीवन सहज रूप से नहीं चल सकता तो यह अतिश्योक्ति नहीं होगी। लेकिन अब मोबाइल और इंटरनेट भी सामान्य जीवन से जुड़ा हुआ है। नारायणपुर जिला मुख्यालय से 60 किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच बसे विकासखंड ओरछा में संचालित बीएसएनएल टावर में हमेशा इंटरनेट की समस्या बनी रहती है। कलेक्टर रघुवंशी ने आज अपने नारायणपुर प्रवास के दौरान ओरछा ब्लाक मुख्यालय के 5 किलोमीटर एरिया को फ्री वाई-फाई जोन बनने के निर्देश दिए। फ्री वाई-फाई जोन बनने से बच्चों को आॅनलाइन पढ़ने में दिक्कत नहीं होगी, वहीं 24 घंटे नेट कनेक्टीविटी की उपलब्धता रहेगी। ओरछा विकासखंड के ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी हर सम्भव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने ब्लाक मुख्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारी को ब्लाक में ही रहकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी-कमर्चारियों के आवास को भी तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सभी अधिकारी-कमर्चारी ओरछा ब्लाक मुख्यालय में रह सकें। आज अपने प्रवास के दौरान युवाओं, ग्रामीणों तथा अधिकारी-कमर्चारियों हेतु ओरछा ब्लाक मुख्यालय को फ्री वाई-फाई जोन बनाने के निर्देश दिए हैं। अब 24 घंटे इंटरनेट की मुफ्त सुविधा सुलभ होने से अब छात्र-छात्राओं को आॅनलाइन कक्षा का भी सतत् लाभ प्राप्त होगा। शासकीय कार्यालयों, स्वास्थ केन्द्र, बैंक, पुलिस थाना, बेस कैंप, आश्रम-छात्रावासों, स्कूलों व अन्य संस्थाओं में भी अब हमेशा 24 घंटे नेट कनेक्टीविटी की उपलब्धता बनी रहेगी।