दंतेवाड़ा (वीएनएस)। कलेक्टर नंदनवार की अध्यक्षता में जिला संयुक्त कार्यालय के डंकिनी सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक हुई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आधार शिविर के माध्यम से वंचित लोगों का आधार कार्ड बनाया जाएं। जिससे उनको राशन, पेंशन व अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के जाति प्रमाण पत्र के संबंध में जानकारी ली और कहा कि बच्चों का समय से ही जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास, आय प्रमाण पत्र बनाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर नंदनवार ने स्कूल, आश्रम, छात्रावासों, पोटाकेबिन में बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के दुकानों के संचालन के संबंध में पूछा।
कलेक्टर नंदनवार ने राज्य शासन की ओर से शुरू किए गए मिलेट मिशन के अंतर्गत जिले में कोदो, कुटकी व रागी फसलों के वृहत स्तर पर उत्पादन व फसलों के लिए किसानों के चयन से संबंधित आवश्यक कार्ययोजना बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने वन अधिकार पत्र वितरण के संबंध में जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभ देने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत वन अधिकार पट्टा धारी, ऋण पुस्तिका वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड इत्यादि जानकारी लेते हुए किसानों को शासन की योजना से लाभान्वित करने को कहा। साथ ही गौठानों, आवर्ती चराई अंतर्गत गोबर खरीदी कर वर्मी कंपोस्ट बनाने के निर्देश दिए।
एनीमिया मुक्त दंतेवाड़ा बनाने केलिए कार्य योजना की जानकारी लेते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, आश्रमों में एनिमिक गर्भवती, शिशुवती माताओं, किशोरी बालिकाओं का सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कोविड-19 के टीकाकरण की जानकारी लेते हुए शत प्रतिशत टीकाकरण करने तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना का नियमित संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर में दवाइयों की उपलब्धता के बारे में पूछा। जिला निर्माण समिति की ओर से निर्माणाधीन कार्यों व जनपदों में निर्माण कार्यों को समय-सीमा के भीतर करने को कहा। पूनामाड़ाकाल सेल, ग्राम स्वरोजगार केंद्रों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को रोजगार से जोड़ने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकाश छिकारा, वनमंडलाधिकारी संदीप बलगा, अपर कलेक्टर संजय कन्नौजे, संयुक्त कलेक्टर सुरेन्द्र ठाकुर, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार सहित सभी अधिकारीगण उपस्थित थे।