रायपुर (वीएनएस)। रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में सद्गुरु प्राकट्य महोत्सव एवं रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस हर्षोउल्लास के साथ 5 जुलाई मंगलवार को मनाया गया। वैदिक एवं सनातन संस्कृति की परंपरा अनुसार इस मौके पर विभिन्न अनुष्ठानों, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया । साथ ही नवा रायपुर, अटल नगर स्थित रावतपुरा सरकार इंस्टीटूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च सेंटर में भी सद्गुरु प्राकट्य महोत्सव का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधायक डॉ. रमन सिंह उपस्थित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता गृह, लोक-निर्माण,जेल, पर्यटन तथा धर्मस्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने किया। विशिष्ट अतिथि नगरीय प्रशासन एवं विकास श्रम विभाग मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, स्कूल शिक्षा आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री एवं रायपुर दक्षिण विधायक बृजमोहन अग्रवाल, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, रायपुर पश्चिम विधायक विकास उपाध्याय, छग खनिज विकास निगम अध्यक्ष गिरीश देवांगन, छग पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, छग राज्य अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष महेंद्र छाबड़ा, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पूर्णरेन्दू सक्सेना, नेत्र रोग विशेषज्ञ दीपशिखा अग्रवाल उपस्थित थे।
प्राकट्य महोत्सव की सुबह से ही विश्वविद्यालय परिसर में धूम रही. विवि स्टाफ और भक्तगण सुबह प्रार्थना सभा में पहुंचे। रविशंकर महाराज ने उदबोधन देते हुए कहा की मानव को अपने जीवन में परिवर्तन लाने के लिए आध्यात्मिकता से जुड़ना चाहिए, अनुशासन और धैर्य जीवन में एकाग्रता लाता है साथ ही सद्गुरु ने अपने जीवन के अनुभव को साझा करते हुए शिक्षा की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा की ज्ञान के मन्दिर का दरवाजा कभी भी बंद नही होता। स्थापना दिवस की शुभकामनाये देते हुए विद्यार्थी और परिजनों को तीर्थ, धाम, आध्यात्म, प्रार्थना और साधना का महत्व बताया एवं सभी को कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए धन्यवाद दिया। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के 5 ऐसे छात्र जिन्होंने अलग- अलग क्षेत्र में विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया, 3 शैक्षणिक और 8 अशैक्षणिक सदस्यों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए महाराज ने पुरस्कृत किया । इसके बाद रक्त दान और नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर लगाया गया। विश्वविद्यालय के छात्रों और शिक्षकों द्वारा नृत्य, संगीत एवं भजन जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई ।
छग के भजन सम्राट दिलीप षडंगी ने भजन प्रस्तुत किया । नवा रायपुर और विवि परिसर में पौधा रोपण एवं भंडारा प्रसादी का भी आयोजन किया गया। ततपश्चात शाम को प्रार्थना के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए जन्मोत्सव विशेष कार्यक्रम की शुरुवात दीप प्रज्वलन से की गई।
कार्यक्रम में 250 बिस्तर वाले अस्पताल के निर्माण का भूमि पूजन एवं शिलान्यास,100 छात्रों के लिए आवासीय संस्कृत विद्यालय के निर्माण का भूमिपूजन एवं शिलान्यास,500 गायों के लिए गौशाला निर्माण का भूमि पूजन एवं शिलान्यास, रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के निर्माण का भूमि पूजन एवं शिलान्यास, रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय की शैक्षणिक भवन के निर्माण का भूमि पूजन एवं शिलान्यास साथ ही 500 छात्राओं के लिए नवनिर्मित नर्मदा गर्ल्स हॉस्टल का भी उद्घाटन किया गया ।
इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए महाराज ने महावीर इण्टर कॉटीनेन्टल आर्गेनाइजेशन सर्विस, जयपुर पैर शिविर, कुछ फर्ज हमारा भी,दशमेश सेवा सोसाइटी, पीपल फॉर एनिमल, टनल लाइट जैसी समाज सेवी संस्थाओं को सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में संगीतमय प्रस्तुति की गई जिसमें इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ द्वारा "अरपा पैरी के धार" (राज्य गीत) ,"राम गाथा सर्वत्र राममयम" संगीतमय प्रस्तुति की गई । नृत्य संयोजन श्रीमती शेख मेदिनी होम्बल रही। मुंबई के श्रीजोनी भट्टाचार्य और सागर केंदुरकर ने संगीतमय प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को शाल एवं स्मृति चिन्ह भेट कर समापन किया गया।
रावतपुरा सरकार लोक कल्याण ट्रस्ट के उपाध्यक्ष डॉ. जे.के. उपाध्याय, विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति हर्ष गौतम और कुलपति प्रो. डॉ.एस.के सिंह, कुलसचिव प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने सभी शैक्षणिक, अशैक्षणिक स्टाफ और भक्तगणों को इस शुभ दिन लिए शुभकामनाएं दी।