शिक्षक की मांग को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे कसकेला के स्कूली बच्चे

Posted On:- 2022-07-05



भैयाथान (वीएनएस)। विकासखंड अंतर्गत मा शा कसकेला में 71 बच्चे दर्ज है लेकिन उक्त शाला में एक ही शिक्षक होने के कारण बच्चो की भविष्य अंधकारमय न हो जाए इस स्थिति में शिक्षक की तलाश में छात्र छात्राएं बस से कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए। बच्चो के साथ जनपद सदस्य अभय प्रताप सिंह, सरपंच शिवरतन सोनपाकर उप सरपंच गायत्री यादव मौजूद रहे।

मिली जानकारी अनुसार माध्यमिक शाला कसकेला के छात्र-छात्राएं जनप्रतिनिधियों के साथ शिक्षक व्यवस्था को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने कलेक्टर को पत्र देकर शिक्षक की मांग की है क्योंकि माध्यमिक शाला कसकेला में 71 छात्र-छात्राओ के बीच एक ही शिक्षक पदस्थ हैं जिससे अध्यापन कार्य प्रभावित हो रहा है। जबकि जनप्रतिनिधियों ने इस संबंध में विकास खंड शिक्षा अधिकारी व जिला शिक्षा अधिकारी को शिक्षक के मांग को लेकर कई बार आवेदन निवेदन किए थे लेकिन शिक्षक व्यवस्था नहीं हो सकी तो मजबूरन कलेक्टर के पास अपनी गुहार लगाने पहुंचे जहां कलेक्टर के द्वारा तत्काल शिक्षक व्यवस्था करने की बात कही गई है।

इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी विनोद राय ने बताया कि एक शिक्षक के सेवानिवृत होने से विद्यालय एकल शिक्षक हो गया है अति शीघ्र शिक्षक व्यवस्था कर दी जाएगी।