मंत्री भेंडिया ने कृषि उपज मंडी बालोद के भारसाधक समिति के सदस्यों को दिलाई शपथ

Posted On:- 2022-07-05



  बालोद (वीएनएस)। प्रदेश की महिला व बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिया ने आज कृषि उपज मंडी परिसर बालोद के समारोह में कृषि उपज मंडी बालोद के भारसाधक समिति के नवनिर्वाचित सदस्यो को शपथ दिलाई। मंत्री भेंडिया ने कहा कि हमारे राष्ट्र एवं समाज के उपर अन्नदाता किसानो का महत्वपूर्ण योगदान है। हमारे किसानों के मेहनत के बदौलत हम सशक्त हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा हमारे अन्नदाता किसानों के हितों की रक्षा करना हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजारी बालोद की विधायक संगीता सिन्हा ने किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में संसदीय सचिव व गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, जिला पंचायत की अध्यक्ष सोनादेवी देशलहरा, पूर्व विधायक डोमेन्द्र भेंडिया, नगर पालिका बालोद के अध्यक्ष विकास चोपड़ा सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित थे। इस अवसर पर मंत्री भेंडिया ने कृषि उपज मंडी भारसाधक समिति के सदस्यों के कार्यों व दायित्वों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से किसानों के हित में निरंतर कार्य करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाले छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से किसान हित में चलाए जा रहे अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को कायर्रूप में परिणीत करने केलिए कृषि उपज मंडी समिति के सदस्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मंत्री भेंडिया ने कहा कि हमारी सरकार किसान व खेती-किसानी को समृद्ध करने के अलावा छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, तीज-त्यौहार, परम्परा आदि का भी संरक्षण व संवर्द्धन कर पूरे देश एवं दुनिया में पहचान दिलाने का कार्य कर रही है। इस अवसर पर उन्होंने सभी नवर्निवाचित पदाधिकारियों को अपनी बधाई व शुभकामनाएॅ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही संजारी-बालोद की विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि बालोद जिला कृषि के क्षेत्र में सदैव अग्रणी रहा है। इसमें हमारे किसान भाईयों के अलावा व्यापारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कृषि उपज मंडी भारसाधक समिति के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बालोद जिला को कृषि के क्षेत्र में अग्रणी बनाने केलिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील भी की। संसदीय सचिव व गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने सभी नवर्निवाचित पदाधिकारियों को बधाई व शुभकामनाएॅ दी तथा राज्य शासन की ओर से किसानों के हित में किए जा रहे महत्वपूर्ण योजनाओं के उपर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के नवनिर्वाचित अध्यक्ष भोलाराम देशमुख ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मिथिलेश निरोटी, कृषि उपज मंडी बालोद के भारसाधक समिति के उपाध्यक्ष बसंत सोनबेर सहित समिति के सदस्यों के अलावा, अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।