रेलवे मे अनुकंपा नियुक्ति के लिए 10 माह की बच्ची का रजिस्ट्रेशन

Posted On:- 2022-07-05



रायपुर (वीएनएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडलके कार्मिक विभाग में 4 जुलाई को वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ने एक दस माह की बच्ची का अनुकम्पा नियुक्ति के लिये रजिस्ट्रेशन किया। रायपुर मंडल के इतिहास मे सम्भवत: यह पहला अवसर है जब इतने छोटे से बच्चे का अनुकम्पा नियुक्ति के लिये माइनर रजिस्ट्रेशन किया गया हो । इस बच्चे के पिता राजेन्द्र कुमार पीपी यार्ड भिलाई में सहायक पद पर कार्यरत थे जिनका 1 जून को मंदिर हसौद के नजदीक सड़क दुर्घटना मे निधन हो गया था। इस बच्चे के माता और पिता दोनो का सडक दुर्घटना मे निधन हो गया, उस समय यह बच्ची भी अपने माता-पिता के साथ बाइक में मौजूद थी और जीवित बच गई थी। रायपुर रेल मंडल के द्वारा उनके परिवार को नियमानुसार सभी सहायता उपलब्ध कराई गई । अनुकम्पा नियुक्ति रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के लिये उनके घर पर अधिकारियों एवं कल्याण निरिक्षक मिलने जाना तय किया परन्तु राजेन्द्र कुमार के परिजनों ने वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी से व्यक्तिगत रूप से कार्यालय में मिलना चाहा एवं रेलवे की सक्रियता के लिये धन्यवाद दिया। बच्ची के दादा-दादी, मौसी, चाचा भी साथ में रहे एवं बच्ची के व्यस्क होने पर नियुक्ति की कार्य विधि को जाना एवं समझा। यह पल अत्यन्त मार्मिक था और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उदय कुमार भारती के लिये भी इस छोटे से बच्चे के अंगुठे का निशान लेना कठिन था। इस अवसर पर सहायक कार्मिक अधिकारी-II, रुहीना तुफ़ैल खान मैडम, कल्याण निरिक्षक फरिदि निसार अहमद एवं बच्चे के परिजन उपस्थित थे।