नई दिल्ली (वीएनएस)। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर इस महीने की सात और आठ तारीख को जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए इंडोनेशिया में बाली जाएंगे। अपने प्रवास के दौरान डॉ. जयशंकर के जी-20 सदस्य देशों और आमंत्रित देशों के विदेश मंत्रियों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेने की संभावना है।
जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में बहुपक्षीयता को सुदृढ बनाने जैसे समसामयिक महत्व के मुद्दों और खाद्य तथा ऊर्जा सुरक्षा सहित वर्तमान वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा किये जाने की संभावना है। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि इस बैठक में भारत की हिस्सेदारी से जी-20 देशों के साथ उसके संबंध और मजबूत होंगे।