रक्षामंत्री ने फ्रांस के सैफरन समूह को मेक इन इंडिया के लिए आमंत्रित किया

Posted On:- 2022-07-06



नई दिल्ली (वीएनएस)। फ्रांस के विमान इंजन निर्माता सैफरन समूह के उच्‍चस्‍तरीय प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्‍ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्‍व सैफरन समूह के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी ओलीविर एन्‍ड्रीज ने किया। सैफरन सामान्‍य और लड़ाकू विमानों के लिए उन्‍नत इंजनों के उपकरणों की निर्माता अग्रणी कंपनियों में शामिल है। बैठक के दौरान श्री एन्‍ड्रीज ने रक्षामंत्री को भारत में अनुरक्षण और रखरखाव सुविधाओं की स्‍थापना की योजनाओं से अवगत कराया। उन्‍होंने हैदराबाद में सैफरन एयरक्राफ्ट इंजन्स एंड सैफरन इलैक्ट्रिकल एंड पावर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड तथा बेंगलुरू में संयुक्‍त उपक्रम के रूप में सैफरन-एचएएल एयरक्राफ्ट इंजन्‍स इकाई शुरू करने की योजना के बारे में भी बताया। रक्षा मंत्री ने कहा कि फ्रांस के साथ भारत की कार्यनीतिक साझेदारी बहुत महत्‍वपूर्ण है। उन्‍होंने हैदराबाद और बेंगलुरू में नई इकाइयों की शुरुआत का स्‍वागत किया। उन्‍होंने सैफरन को 'मेक इन इंडिया', 'मेक फॉर द वर्ल्‍ड' और 'आत्‍मनिर्भर भारत अभियान' के अनुरूप भारत में विकास और निर्माण की और अधिक संयुक्‍त परियोजना के लिए आमंत्रित किया।