
रायपुर/गाजियाबाद (वीएनएस)। न्यूज़ एंकर रोहित रंजन को गिरफ्तार करने बुधवार सुबह 9 बजे रायपुर पुलिस की टीम उसके गाजियाबाद स्थित निवास पहुंची। आरोपी घर को लॉक करके फरार पाए जाने से आरोपी का फरारी पंचनामा तैयार किया गया है। अन्य संभावित स्थानों में आरोपी की पतासाजी की जा रही है। इसके पहले गौतमबुद्धनगर पुलिस ने बताया कि मंगलवार को थाना सेक्टर-20 में धारा 505(2) आईपीसी के तहत दर्ज प्रकरण के विवेचना के क्रम में रोहित रंजन को पूछताछ के लिए उनके आवास से नोएडा लाया गया था। पूछताछ के बाद साक्ष्यों के आधार पर उनकी गिरफ्तारी की गई। उनके ऊपर लगी धाराओं के जमानतीय अपराध होने के चलते उन्हे जमानत पर रिहा कर दिया गया है। विवेचनात्मक कार्रवाई प्रचलित है।
दरअसल केरल के वायनाड में दिए गए राहुल गांधी के बयान को तोड़-मरोड़कर नूपुर शर्मा के मामले में रायपुर पुलिस ने न्यूज़ एंकर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रोहित रंजन की गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस मंगलवार को गाजियाबाद पहुंची थी, लेकिन गिरफ्तारी से पहले ही उप्र पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा कर दिया। उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई से रायपुर पुलिस की कवायद को धक्का पहुंचा है।