एसईसीएल खदान हादसे में 1 कर्मचारी की मौत...

Posted On:- 2022-07-06



कोरबा (वीएनएस)। कोरबा जिले में स्थित साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की खदान में हुई दुर्घटना में 54 साल के कर्मचारी की मृत्यु हो गई। एसईसीएल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले में एसईसीएल के रजगामार परियोजना के खदान क्रमांक 4-5 में मंगलवार दोपहर कोयला संग्रहण करने वाले बंकर गिरने से उसमें दबकर एक कर्मचारी राधेश्याम की मौत हो गयी ।

उन्होंने बताया कि कोयला खदान से कन्वेयर बेल्ट के जरिए कोयला बाहर भेजकर बंकर में जमा किया जाता है और बाद में बंकर के नीचे से ट्रकों और अन्य वाहनों में कोयला भरा जाता है। अधिकारियों ने बताया कि आज जब एक हाइवा वाहन में कोयला भरा जा रहा था तब अचानक बंकर टूटकर गिर गया जिससे हाइवा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं वाहन की चपेट में आकर राधेश्याम की मौके पर ही मौत हो गई।