बीजापुर(वीएनएस)। महात्मा गांधी नरेगा योजनांतर्गत जाबकार्डधारी मजदूरों के लिए प्रावधानों एवं समय-समय पर जारी शासन की मार्गदर्शिका एवं परामर्श के अलावा पंचायत स्तर पर पूर्ण हो चुके कार्यों के साथ प्रगतिरत कार्यों की जानकारी मजदूरों के दिये जाने हेतु प्रत्येक माह की 7 तारीख को ग्राम पंचायत में रोजगार दिवस का आयेाजन किया जाएगा। रोजगार दिवस के दिन ग्राम पंचायतों में मजदूरी भुगतान की भी जानकारी दी जाएगी। मजदूरों को मजदूरी भुगतान से संबंधित कोई भी समस्या अथवा शिकायत होगी तो उसका निराकरण किया जाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रवि कुमार साहू ने बताया कि महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत प्रत्येक माह की 7 तारीख को सार्वजनिक स्थान पर रोजगार दिवस के आयोजन के शासन से निर्देश हैं किंतु वैश्विक महामारी कोविड -19 के कारण इसका नियमित आयोजन अवरूद्ध हो गया था। अब ग्राम पंचायतों में पुनः आयोजन किये जाने के निर्देश प्राप्त हुए है। ग्रामीणों के काम के अधिकार संबंधी प्रावधान को प्रभावी रूप से लागू करने एवं शिकायत निवारण के उदेश्य से रोजगार दिवस का आयोजन कोविड-19 महामारी के संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए बनाये गए दिशा-निर्देशों के अधीन आयोजन किये जाने के निर्देश दिए गए हैं। रोजगार दिवस के दिन रोजगार की मांग के आवेदन प्राप्त किये जाएंगे एवं आवेदन की दिनांक सहित पावती प्रदान की जाएगी।