समूहों को आजीविका से जोड़ने चलाया जाएगा मिशन 20-20

Posted On:- 2022-07-06



  कोण्डागांव (वीएनएस)। कलेक्टर सोनी ने प्रभार ग्रहण करते ही अपना विजन स्पष्ट करते हुए आजीविका पर विशेष ध्यान केंद्रीत करने के लिए बुधवार को राष्ट्रीय आजीविका मिशन बिहान के अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक की। इस बैठक में कलेक्टर ने कहा कि उनके द्वारा आजीविका के क्षेत्र को पहली प्राथमिकता में रखते हुए जिले में निर्मित सभी स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने जिले में ह्यमिशन 20-20ह्य चलाने की बात कही। जिसके अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों में प्रतिमाह 20-20 महिला स्व-सहायता समूहों पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें आजीविका कार्यों से जोड़कर उनके उत्पादन से लेकर मार्केट लिंकेज तक सभी कार्यों को मिशन के रूप में संपादित किया जाएगा। इसका मुख्य लक्ष्य प्रतिमाह 100 समूहों को इस प्रकार विकसित करना है, ताकि प्रतिवर्ष 1200 समूहों को आजीविका से जोड़कर उन्हें एक सुनिश्चित आय प्रदान की जा सके। इसके लिए सभी विकासखंडों के अधिकारियों को ग्रामों में सर्वे कर वहां के विशिष्ट उत्पादों को चिन्हित कर उनके प्रोसेसिंग, उत्पादन व मार्केटिंग के लिए तरीके सोच उनपर कैसे समूहों को जोड़कर उनकी आय में वृद्धि की जा सकती है। इसकेलिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इसके लिए उन्होंने एक गांव एक उत्पाद के तहत् कार्य करने एवं इसके लिए संस्थाओं के विकास पर भी जोर दिया। इसमें उन्होंने स्थानीय उत्पादों पर अधिक बल देते हुए उनके स्थानीय रूप से उपभोग एवं मार्केटिंग पर विशेष जोर देने को कहा। स्व-सहायता समूहों की ओर से बने उत्पादों केलिए मार्केट लिंकेज के लिए उन्होंने इन उत्पादों को सी-मार्ट के माध्यम से विक्रय के साथ समूहों की ओर से उत्पादित उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित कर उनके उत्पादों को उड़ान कम्पनी से भी जोड़ने और अन्य बाजारों में भी इनकी उपलब्धता बाजार की मांग अनुसार कराने को कहा। इसकेलिए निजी संस्थाओं से भी साझेदारी करने के लिए उन्होंने प्रेरित किया। इसके लिए उन्होंने स्थानीय उत्पादों के साथ-साथ आस-पास में भवन निर्माण, प्रासेसिंग आदि के लिए आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भी समूहों केलिए कार्यों के चयन को ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि बिहान का लक्ष्य केवल समूह बनाकर उत्पादन करना ही नहीं है, अपितु उनके उत्पादों को अच्छा बाजार उपलब्ध कराकर उनकी आय में वृद्धि करना बिहान का मुख्य लक्ष्य है। ऐसे में जिले में पूर्व भी बेहतरीन प्रदर्शन होता आया है। जिसे जारी रखते हुए इसे नये आयामों तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। इस बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेमप्रकाश शर्मा, एनआरएलएम डीएमएम विनय सिंह, सभी डीपीएम, यंग प्रोफेशनल, पीआरपी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।