मुंबई (वीएनएस)। महाराष्ट्र में अपनों की बगावत के कारण सत्ता गंवाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को एक और झटका लगा है। ठाणे नगर निगम भी शिवसेना के हाथ से फिसल गया है।निगम में शिवसेना के कुल 67 पार्षदों में से 66 शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं। यह शिवसेना पर अधिकार की लड़ाई में शिंदे गुट की बड़ी जीत मानी जा रही है।बता दें कि ठाणे नगर निगम महाराष्ट्र में मुंबई के बाद दूसरा सबसे बड़ा निकाय है।
शिंदे गुट में शामिल होने से पहले 66 पार्षदों ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उनके आवास पर मुलाकात की थी।उसके बाद सभी ने उद्धव ठाकरे की जगह शिंदे को अपना नेता बताते हुए उनके साथ जाने की घोषणा की। इसके साथ ही ठाकरे ने ठाणे नगर निगम से अपना नियंत्रण पूरी तरह से खो दिया है।बता दें कि सरकार गिरने के बाद दोनों नेताओं के बीच पार्टी पर अधिकार की लड़ाई चल रही है।