खाद की किल्लत से परेशान किसानों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Posted On:- 2022-07-07



भैयाथान (वीएनएस)। अनुभाग अंतर्गत सहकारी समितियों में इन दिनों रासायनिक उर्वरक डीएपी व इफ़को की किल्लत है। समितियों में अतिशीघ्र खाद उपलब्ध कराए जाने की मांग को लेकर एसडीएम सागर सिंह को किसानो के साथ किसान नेता सुनील साहू ने ज्ञापन सौंपा है।

मिली जानकारी अनुसार अनुभाग भैयाथान अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को एनपीके, डीएपी, इफको खाद मिलती है लेकिन वर्तमान में समितियों में खाद की उपलब्धता नहीं होने से किसानों को खाद की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। किसान समितियों का चक्कर लगाकर परेशान हो रहे हैं लेकिन खाद नही मिल पा रहा है जिससे खेती कार्य ठप होने के कगार पर है जबकि धान का थहरा भी रोपाई करने लायक हो चुके हैं और अब किसानों को खाद की नितांत आवश्यकता है लेकिन समितियों में खाद नहीं होने के कारण किसानो की परेशानी बढ़ती जा रही है। अब थक हारकर सिर्फ बाजार की दुकान से ही खाद लेने की मजबूरी है और बाजार की दुकानों में डीएपी इफको लगभग दोगुने दाम में बिक रहे हैं। जिन किसानों को रोपाई कराना है उन्हें दुकान से दोगुने दाम में खाद खरीदना पड़ रहा है जिससे किसानों की लागत राशि में अतिरिक्त राशि व्यय करनी पड़ रही है यही कारण है कि किसान एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अतिशीघ्र समितियों में खाद उपलब्ध कराने की मांग की है अन्यथा आंदोलन करने की बात कही है।

इस दौरान मार्तंड साहू,लालचंद्र शर्मा, गनपत पाटिल,राज नारायण श्रीवास्तव, आशीष गुप्ता,शिव पांडेय, मदन राम, शोभनाथ राजधनी,सरपंच सत्यनारायण सिंह,जुगेश्वर पैकरा,राजेश कुशवाहा,अखिलेश्वर कुशवाहा सहित दर्जनों किसान उपस्थित रहे।