सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर नगर प्रशासन अलर्ट

Posted On:- 2022-07-07



  खरसिया(वीएनएस)। सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के बाद खरसिया प्रशासन अलर्ट हो गया है। गुरुवार को पूरे प्रशासनिक अमले ने नगर की दुकानों में दस्तक दी और जांच की कि कहीं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग तो नहीं किया जा रहा है। बता दें कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर 1 जुलाई से पूरी तरह रोक लगा दी गई। कोई सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग में लेगा तो उसके विरुद्ध पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत कार्रवाई होगी। इसमें जब्ती करने से लेकर प्रतिष्ठान पर कार्रवाई किया जाना शामिल है। हालांकि वैकल्पिक व्यवस्था ना होने के कारण विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदार चोरी-छिपे प्लास्टिक का यूज कर रहे हैं। लोगों को यही लग रहा है कि कुछ दिनों की बंदिशों के बाद फिर प्लास्टिक का दौर शुरू हो जाएगा। यही कारण है कि कोई भी अपने घर से थैला लेकर सामान लेने नहीं पहुंच रहा।