अशासकीय विद्यालयों में किताबें, लेखन सामग्री व गणवेश के नाम पर विद्याथिर्यों से शुल्क न लें

Posted On:- 2022-07-07



बेमेतरा (वीएनएस)। अशासकीय विद्यालयों में शिक्षा के अधिकार के तहत अध्ययनरत विद्याथिर्यों से किताबें, लेखन सामग्री व गणवेश के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि की मांग न की जाए अपितु इन विद्याथिर्यों को नि:शुल्क शिक्षा के साथ ही नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक लेखन सामग्री व गणवेश उपलब्ध कराए जाने के संबंध में संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर से प्राप्त पत्र को जिला शिक्षा अधिकारी बेमेतरा की ओर से जिले के अशासकीय विद्यालयों को प्रसारित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से संचालक के इस पत्र को प्रसारित करते हुए जिले के अशासकीय विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएं। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से समस्त सहायक नोडल अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है, कि वे अपने नोडल क्षेत्रान्तर्गत अशासकीय विद्यालयों में पत्र में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। जिला शिक्षा अधिकारी मिश्रा की ओर से जानकारी दी गई कि जिले में संचालित अशासकीय विद्यालयों में इन निर्देशों के पालन सुनिश्चित कराने केलिए सहायक नोडल अधिकारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी व जिला कार्यालय स्तर पर सतत मॉनीटरिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन निर्देशों के बाद भी यदि किसी निजी विद्यालय की ओर से निर्देशों का पालन नहीं करने की शिकायत प्राप्त होती है, तो ऐसे निजी विद्यालयों के विरुद्ध अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जाएगी।