वनांचल का हालचाल जानने आला अधिकारियों के साथ जिले के अंतिम छोर के गॉवों में पहुॅचे कलेक्टर
Posted On:- 2022-07-07
ग्रामीणों की मॉगों व समस्याओं का मौके पर किया निराकरण
बालोद (वीएनएस)। कलेक्टर सिंह ने 6 और 7 जुलाई को अपने 02 दिवसीय दौरा कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव व वनमंडलाधिकारी आयुष जैन सहित जिला प्रशासन के अन्य आला अधिकारियों के साथ जिले के अंतिम छोर में स्थित डौण्डीलोहारा और डौण्डी विकासखंडों के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर वहॉ चल रहे विकास कार्यों की वास्तविक हालात की जानकारी ली।
पहले दिन कलेक्टर डॉ. सिंह 6 जुलाई को डौण्डीलोहारा विकासखंड के ग्राम घीना, कोसमी सहित सुदूर वनांचल के ग्राम मंगचुआ व हितापठार आदि गॉवों का भ्रमण कर विकास कार्यों का जायजा लिया। सुदूर वनांचल के गॉवों की वास्तविक हालात से रू-ब-रू होने के लिए कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, वनमण्डलाधिकारी ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शासकीय प्री मैट्रिक बालक छात्रावास हितापठार में रात्रि विश्राम भी किया। इस दौरान कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, वनमंडलाधिकारी तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्रावासी बच्चों के साथ भोजन भी किया। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने छात्रावासी विद्याथिर्यों के साथ पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ छात्रावास में मिलने वाली जरूरी सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्याथिर्यों को पूरे मनोयोग व अनुशासन के साथ शिक्षा अध्ययन कर अपने माता-पिता, छात्रावास का नाम रौशन करने को कहा। कलेक्टर व अधिकारियों ने रात्रि में ग्राम पंचायत भवन हितापठार में ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनके मॉगों व समस्याओं के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान कलेक्टर डॉ. सिंह ने ग्रामीणों की मॉग पर त्वरित कार्रवाई कर वृक्ष कटाई की अनुमति, जर्जर स्कूल आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत के कार्य, बिजली, पेयजल, सामाजिक पेंशन आदि से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया। कायर्भार ग्रहण करने के तत्काल बाद जिले के अंतिम छोर पर स्थित सुदूर वनांचल के ग्रामों का भ्रमण कर कलेक्टर डॉ. सिंह ने यह बता दिया है कि उनकी पैनी नजर समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तथा अंतिम छोर के गॉवों तक है।
कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, वनमंडलाधिकारी व अधिकारियों ने 06 जून को छात्रावास में रात विश्राम के पश्चात सुबह हितापठार के समीपस्थ ग्राम सुंदरनगर पहुॅचकर ग्रामीणों के समस्याओं से वाकिफ होने जनचैपाल लगाया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, पूरे समय बिजली की उपलब्धता, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, गौठान निर्माण तथा राशन दुकान खोलने की मॉग की। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर ने खाद्य निरीक्षक को शासकीय उचित मूल्य की दुकान सुंदरनगर से दूर होने के कारण गॉव में समुचित रूप से राशन की आपुर्ति सुनिश्चित करने केलिए ट्रेक्टर और अन्य वाहनों के माध्यम से सुंदरनगर में राशन पहुॅचाने के निर्देश दिए हैं। डॉ. सिंह ने मुख्य कायर्पालन अधिकारी जनपद पंचायत को सुंदरनगर में गौठान निर्माण के लिए तत्काल जमीन चिन्हित कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए हैं। इसके साथ ही रोजगार सहायक को सुंदरनगर में तत्काल रोजगारमूलक कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं अधिकारियों ने ग्राम हितापठार में जनचैपाल लगाकर ग्रामीणों की मॉगों व समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने प्री. मैट्रिक बालक आदिवासी छात्रावास व स्कूल, आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत कराने, वनों की अवैध कटाई को रोकने के लिए हितापठार में वनरक्षक की स्थायी निवास सुनिश्चित कराने, मनरेगा जॉब कार्ड निर्माण तथा सामाजिक पेंशन राशि दिलाने की मॉग की। इसके अलावा ग्रामीणों ने प्री.मैट्रिक बालक छात्रावास के अधीक्षक के कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए तत्काल उसे हटाने की मॉग की। इस पर त्वरित कारर्वाई करते हुए कलेक्टर डॉ. सिंह ने प्री.मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास भवन के जीर्णाेद्धार केलिए 25 लाख रुपए स्वीकृति प्रदान करने तथा सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को छात्रावास अधीक्षक को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने वनरक्षक को ग्राम हितापठार में स्थायी रूप से निवास करने के निर्देश दिए।
इस दौरान डॉ. सिंह ने 09 वर्षीय दिव्यांग बालिका मोनिका को ट्रायसायकल प्रदान किया तथा दिव्यांग लिकेश को प्रतिमाह 10 किलो नि:शुल्क राशन प्रदान करने के निर्देश खाद्य निरीक्षक को दिए। कलेक्टर ने ग्राम हितापठार के दो ग्रामीण बंसती और दुर्गेश को राशनकार्ड भी प्रदान किया।