सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों व सदस्यों ने नव पदस्थ कलेक्टर से की भेंट

Posted On:- 2022-07-07



कोण्डागांव (वीएनएस)। जिले के सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों व सदस्यों ने नव पदस्थ कलेक्टर दीपक सोनी से सौजन्य भेंट कर विभिन्न समस्याओं व मांगों के बारे में उन्हें अवगत कराया। इस दौरान नव पदस्थ कलेक्टर सोनी ने उनकी समस्या व मांगों के निराकरण के लिए सम्यक रूप से प्रयास करने केलिए भरोसा दिलाया। वहीं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण करने, वनों की सुरक्षा व संरक्षण, गर्भवती माताओं का स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव कराने, सुपोषण अभियान केलिए व्यापक सहभागिता, सभी बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने इत्यादि की दिशा में समाज के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाए जाने पर बल दिया और समाज के लोगों से इस ओर सक्रिय सहभागिता निभाने का भी आग्रह किया। इस मौके पर सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष भंगाराम सोढ़ी सहित अन्य पदाधिकारी तथा सदस्य मौजूद थे।