कश्मीर में स्थापित रामानुजाचार्य की प्रतिमा पूरे भारत में शांति का संदेश देगी : शाह

Posted On:- 2022-07-08



श्रीनगर (वीएनएस)।  केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने श्रीनगर के शुरयार मंदिर में श्री यदुगिरी यतिराज मठ द्वारा स्थापित स्टैच्यू ऑफ पीस स्वामी रामानुजाचार्य जी की प्रतिमा का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनावरण किया। कश्मीर में स्थापित रामानुजाचार्य जी की ये प्रतिमा न केवल कश्मीर बल्कि पूरे भारत में शांति का संदेश देगी। शाह ने कहा कि उन्हें यह सोचकर शांति मिलती है कि श्रीनगर में सूर्य मंदिर का जीर्णोद्धार हो सका। उन्होंने कहा, श्रीनगर में शांति प्रतिमा का अनावरण होना भारत के लोगों के लिए अच्छा संकेत है विशेष रूप से जम्मू कश्मीर के लोगों के लिए। उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि शांति प्रतिमा कश्मीर के हर धर्म के लोगों के लिए रामानुजाचार्य की शिक्षा और उनका आशीर्वाद लाएगी और उन्हें शांति तथा विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाएगी। शाह ने कहा कि रामानुजाचार्य ने ज्यादातर काम दक्षिण भारत में किया लेकिन एक महत्वपूर्ण पांडुलिपि ‘बोदायन वृत्ति’ को लाने के लिए वह कश्मीर गए क्योंकि उसकी एक ही प्रति उपलब्ध थी जो घाटी के शाही पुस्तकालय में रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, कश्मीर के राजा ने न केवल अपने पुस्तकालय के द्वार खोल दिए बल्कि रामानुजाचार्य का स्वागत भी किया। रामानुजाचार्य की चार फुट ऊंची प्रतिमा हाथ जोड़कर बैठे हुए मुद्रा में है। छह सौ किलोग्राम की इस प्रतिमा को जमीन से तीन फुट की ऊंचाई पर रखा गया है।