नई दिल्ली (वीएनएस)। एनटीपीसी आरई लिमिटेड (एनटीपीसी आरईएल) ने गुजरात अल्कलीज एंड केमिकल्स लिमिटेड (जीएसीएल) के साथ आज नई दिल्ली में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य हरित ऊर्जा और हरित हाइड्रोजन के लक्ष्यों तथा कार्बन-तटस्थ अर्थव्यवस्था की दिशा में भारत सरकार के प्रयासों को सफल बनाना है। इस समझौता ज्ञापन पर जीएसीएल के प्रबंध निदेशक हर्षद आर पटेल और एनटीपीसी आरईएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित भार्गव ने हस्ताक्षर किए।
समझौता ज्ञापन के अनुसार अक्षय ऊर्जा, हरित मेथेनॉल एवं हरित अमोनिया के क्षेत्र में सहयोग करने तथा 100 मेगावाट आरई-आरटीसी (चौबीस घंटे) बिजली की आपूर्ति के अवसरों की पारस्परिक रूप से खोज करने और गुजरात के वडोदरा व दाहेज परिसर में जीएसीएल द्वारा विभिन्न रसायनों के उत्पादन के सीमित उपयोग के लिए 75 टीपीडी हरित मेथेनॉल और 35 टीपीडी हरित अमोनिया को संश्लेषित करने की योजना बनाई गई है।
एनटीपीसी लिमिटेड नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता विकास में सबसे आगे है और इसे देश में अब तक का सबसे कम सौर टैरिफ लाने का श्रेय दिया गया है। एनटीपीसी की 100% सहायक कंपनी एनटीपीसी आरईएल को एनटीपीसी के अक्षय ऊर्जा व्यवसाय की देखभाल के लिए अक्टूबर 2020 में शामिल किया गया था। यह विकास कार्य एनटीपीसी द्वारा हरित हाइड्रोजन पहल की घोषणा करने और हरित मेथनॉल को संश्लेषित करने तथा हरित हाइड्रोजन फिलिंग स्टेशनों की स्थापना, पीएनजी में हरित हाइड्रोजन सम्मिश्रण व हरित ऊर्जा भंडारण की संकल्पना के उद्देश्य से देश की पहली पायलट परियोजना की प्रारंभिक पृष्ठभूमि में काफी महत्वपूर्ण है।