हरे निशान पर खुले निफ्टी और सेंसेक्स

Posted On:- 2022-07-08



मुंबई (वीएनएस)। शेयर बाजार की रौनक एक बार फिर से लौट आई है। बुधवार से बाजार में आई तेजी सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को भी देखी गई। शुक्रवार को बाजार खुलने के साथ ही निफ्टी और सेंसेक्स दोनों में तेजी देखी गई। निफ्टी गुरुवार के मुकाबले 80 अंक ऊपर चढ़कर 16213 पर कारोबार कर रहा था। वहीं बीएसइ के सेंसक्स में 281 अंकों का उछाल आया और यह 54460 पर पहुंच गया। बैंक निफ्टी 35,100 के ऊपर था, जबकि India VIX, 20 के स्तर से नीचे फिसल गया। शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार की नजरें ग्लोबल ट्रेंड्स पर टिकी हैं। शुरुआती कारोबार में मेटल और रियल्टी शेयरों में जबरदस्त उछाल देखा गया। इनको छोड़कर ज्यादातर सेक्टर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। एमएंडएम, कोल इंडिया, एलएंडटी के शेयरों में अच्छा कारोबार हो रहा है। आर्थिक मंदी की आशंका के कमजोर पड़ने के कारण एशियाई शेयरों ने शुक्रवार को वॉल स्ट्रीट में बढ़त दर्ज की। इससे भी बाजार को भरोसा मिला।

फायदे में रहे ये शेयर शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में जिन शेयरों में सबसे अधिक तेजी देखी गई, वे हैं एल एंड टी, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ग्रासिम और कोल इंडिया।

इन शेयरों को हुआ नुकसान टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, मारुति, आइशर मोटर्स और एशियन पेंट्स के शेयरों में कारोबार धीमा है।

रुपये की कीमत में गिरावट शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया 12 पैसे गिरकर 79.25 पर आ गया। शुक्रवार को कारोबार समाप्त होने तक रुपये की कीमत में और भी गिरावट की आशंका जताई जा रही है। गुरुवार को कच्चे तेल की गिरती कीमतों और भारतीय रिजर्व बैंक के उपायों ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये को कुछ राहत प्रदान की। अगर रुपये में रिकवरी हुए तो दलाल स्ट्रीट पर इसे सकारात्मक रूप में देखा जाएगा। साथ ही निवेशकों की नजर आज टीसीएस के तिमाही नतीजों पर भी रहेगी।