कलेक्टर ने ली शांति समिति की बैठक, सामाजिक सौहार्द्र बनाये रखने की अपील

Posted On:- 2022-07-08



उत्तर बस्तर कांकेर (वीएनएस)। कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय कांकेर के सभा कक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न समाज प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी क्षेत्र तभी विकसित हो सकता है, जब वहां कानून व्यवस्था एवं शांति बनी रहे, आप सब जिले में शांति बनाये रखने में मदद करें, सकारात्मक चीजें सोचें और जिले के विकास में अपनी भूमिका निभायें।

जिले में सामाजिक सौहार्द्र बनाये रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि कांकेर शांति प्रिय जिला रहा है, जिसे बनाया रखा जावे। अन्य क्षेत्रों की घटनाओं का प्रभाव कांकेर जिले में न पड़ने दें। शांति व्यवस्था बनाये रखने एवं जिले के विकास के लिए सकारात्मक चीजें सोचें तथा नकारात्मकता से दूर रहें। सोशल मीडिया में अनावश्यक एवं कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले पोस्ट/टिप्पणी न की जावे। यदि कोई घटना घटती है तो इसकी जानकारी अविलंब दिया जावे। जिला तथा पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित एवं कड़ी कार्यवाही की जावेगी।

कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने सामाजिक सौहार्द बनाये रखने के लिए समाज प्रमुखों से अपील करते हुए कहा कि पुलिस के टोकने से पहले समाज के लोग अप्रिय घटना को टाल सकते हैं। आप अपने समाज के लोगों को समझाईश दें। कोई भी व्यक्ति समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास न करें और न ही किसी की भावनाओं को आहत किया जावे। किराये में मकान देने वाले मकान मालिकों से अपने किरायेदारों की जानकारी पुलिस थाना में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने की अपील भी उनके द्वारा की गई। बैठक में नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्रीमती सरोज जितेन्द्र ठाकुर, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी एस.पी. वैद्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जी.एन बघेल, कांकेर एसडीएम व एसडीओपी तथा विभिन्न समाज के पदाधिकारी और कांकेर शहर के पार्षदगण मौजूद थे।