उत्तर बस्तर कांकेर (वीेएऩएस)।राजीव युवा मितान क्लब अंतर्गत कांकेर जिले में 471 क्लबों का गठन किया गया है, इनमें ग्रामीण क्षेत्र में 454 तथा शहरी क्षेत्रों में 17 राजीव युवा मितान क्लब का गठित किये गये हैं। इस क्लब में शिक्षित बेरोजगार तथा खेल, समाज सेवा, राजनीति एवं कौशल के क्षेत्र में योग्यता रखने वाले युवाओं को प्राथमिकता दी गई है। राजीव युवा मितान क्लब में न्यूनतम 20 एवं अधिकतम 40 सदस्य होनी चाहिए तथा सदस्य की आयु 18 से 40 वर्ष तक तथा उसे छत्तीसगढ़ का निवासी होना चाहिए। कांकेर जिले में राजीव युवा मितान क्लब के 4770 महिला सदस्य एवं 8421 पुरूष सदस्य बनाये गये हैं, इस प्रकार जिले में कुल 13 हजार 191 सदस्य बनाये गये हैं। राजीव युवा मितान क्लब के सफल क्रियान्वयन एवं संचालन के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में क्लब के सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों तथा खेल गतिविधियों के लिए माह जुलाई से सितम्बर तक के लिए तिमाही कैलेण्डर जारी कर दिया गया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग कांकेर से मिली जानकारी के अनुसार प्रत्येक राजीव युवा मितान क्लब को प्रतिवर्ष राज्य शासन द्वारा 1 लाख रूपये दिये जाएंगे। जिसके तहत् जिले के सभी 471 राजीव युवा मितान क्लब को 25 हजार रूपये तिमाही के दर से प्रथम किस्त की राशि 1 करोड़ 17 लाख 75 हजार रूपये अनुविभाग स्तरीय समिति द्वारा अपने क्षेत्र के ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय के राजीव युवा मितान क्लब द्वारा खोले गये संयुक्त खातों में हस्तांरित कर दिया गया है।