मुंबई (वीएनएस)। केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि निर्माणाधीन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग और कई नई सड़क परियोजनाएं महाराष्ट्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा देंगी। मुंबई में संकल्प से सिद्धि – नया भारत, नया संकल्प विषय पर सीआईआई द्वारा आज आयोजित सम्मेलन में श्री गडकरी ने कहा कि मुंबई को दिल्ली, पुणे और बैंगलुरू से जोड़ने के लिए विशाल बुनियादी ढांचा परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं।
श्री गडकरी ने बताया कि 1 लाख करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और यह राष्ट्रीय राजधानी और व्यावसायिक राजधानी के बीच यात्रा के समय को घटाकर 12 घंटे कर देगा। उन्होंने कहा, यह मेरा सपना है कि 50,000 करोड़ रुपये के परियोजना परिव्यय से तटीय सड़क और समुद्र-लिंक वसई-विरार और उससे आगे के नेटवर्क के माध्यम से मुंबई में नरीमन पॉइंट से दिल्ली तक निर्बाध सम्पर्क स्थापित हो। केन्द्रीय राजमार्ग मंत्री ने महाराष्ट्र सरकार से परियोजना के लिए आवश्यक स्टील और सीमेंट पर राज्य जीएसटी को माफ करने का अनुरोध किया गया है।
आर्थिक विकास में बुनियादी ढांचे के महत्व पर जोर देते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि भारत का 5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का सपना महाराष्ट्र के महत्वपूर्ण योगदान के बिना साकार नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा, महाराष्ट्र भारत की अर्थव्यवस्था का विकास इंजन है और 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के सपने को हकीकत में बदलने के लिए राज्य को सभी क्षेत्रों- कृषि, उद्योग और सेवाओं में प्रमुख योगदान देना होगा।