एलन मस्क ने रद्द किया ट्विटर खरीदने का समझौता, कानूनी कार्रवाई करेगी सोशल मीडिया कंपनी

Posted On:- 2022-07-09



नई दिल्ली (वीएनएस)। टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क ने शुक्रवार को ट्विटर खरीदने की डील रद्द कर दी है। मस्क का दावा है कि सोशल मीडिया कंपनी ने इसके लिए हुए समझौते के कई प्रावधानों का उल्लंघन किया है।उन्होंने ट्विटर पर बॉट अकाउंट्स की सही संख्या छिपाने और इस संबंध में पूरी जानकारी न देने का आरोप लगाया है।दूसरी तरफ ट्विटर ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही है। 

एलन मस्क ने ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदने का प्रस्ताव दिया था और सोशल मीडिया कंपनी ने अप्रैल में इसे स्वीकार कर लिया था।हालांकि, इस समझौते की सफलता को लेकर कई लोग आश्वास्त नहीं थे। बात थोड़ी आगे बढ़ने पर मस्क ने ट्विटर पर स्पैम और फर्जी अकाउंट्स का डाटा न देने का आरोप लगाते हुए समझौते को होल्ड कर दिया था।कई लोग तब मानने लगे थे कि यह समझौता रद्द हो जाएगा।

मस्क के पैर वापस खींचने के बाद ट्विटर बोर्ड के चेयरमैन ब्रेट टेलर ने कहा कि कंपनी का बोर्ड मस्क के साथ हुए तय हुए दामों और समझौते पर लेनदेन पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस समझौते को लागू करवाने के लिए कंपनी कानूनी कार्रवाई का विचार कर रही है।दूसरी तरफ मस्क की तरफ से कहा गया है कि ऐसा लग रहा है कि ट्विटर ने समझौते करने से पहले गलत और भ्रामक आंकड़े पेश किए थे।