कोरिया (वीएनएस)। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सरगुजा भ्रमण के दौरान विभिन्न समुदाय प्रमुख के लोगो से मुलाकात किये जाने एवं उनके द्वारा जाति प्रमाण पत्र बनाने के संबंध में आने वाली समस्याओं के संबंध में अवगत कराया गया है।
इसी तारतम्य में राज्य शासन द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार संभागीय आयुक्त, कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त व अनुसूचित जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रतिनिधि की उपस्थिति में जिले के समाज प्रमुखों के साथ बैठक की जाएगी, जिसमें विभिन्न समुदाय के लोगों से उनकी समस्याओं को सुनेंगे एवं उनका परीक्षण करेंगे।
यह बैठक 13 जुलाई 2022 को प्रातः 11:00 बजे कलेक्टर सभाकक्ष में आयुक्त, सरगुजा संभाग की अध्यक्षता में आयोजित होगी। उक्त बैठक में समाज के प्रमुख अपनी बाते रखने एवं प्रचार-प्रसार करने हेतु बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे।