बालोद (वीएनएस)। कलेक्टर सिंह ने कहा कि जिले के गौठानों में विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करें। गौठानों में स्वसहायता समूहों को निरंतर आयमूलक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाएॅ। डॉ. सिंह आज वर्चुअल माध्यम से पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, मछलीपालन और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की बैठक में निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गौठानों को ग्रामीण औद्योगिक केन्द्र के रूप में विकसित करें। कलेक्टर ने प्रत्येक विकासखण्ड में वृहद वृक्षारोपण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिन्हित स्थानों व सड़क के दोनो किनारों में वृक्षारोपण करें और उसकी सम्पूर्ण देखरेख सुनिश्चित करें।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि गोधन न्याय योजना के तहत् गौठानों में नियमित रूप से गोबर खरीदी का कार्य सुनिश्चित करें। गोबर खरीदी के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ही शतप्रतिशत मात्रा में गोबर खरीदी करें। तथा वर्मी कम्पोस्ट निर्माण का कार्य सतत् रूप से जारी रखें। कलेक्टर ने ग्रामों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत कार्य स्वीकृत कर ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराएॅ तथा मजदूरी भुगतान से संबंधित किसी भी प्रकार का देयक लंबित न रहे। विकासखंड स्तर पर पेंशन भुगतान और राशन कार्ड से संबंधित सभी समस्याओं का निराकरण तत्काल सुनिश्चित करें।